उफ! ये स्टूडेंट लाइफ : सुनहरे समय की स्मृतियाँ

उफ! ये स्टूडेंट लाइफ
किशोरावस्था जीवन का वह हिस्सा है जो सर्वाधिक ऊर्जा भरा होता है। नादानी और समझदारी का अद्भुत सम्मिश्रण होता है। दुनिया एक अचंभे की तरह दिखती है। परिवार से अधिक दोस्त महत्वपूर्ण होते हैं। जीवन का एक सुनहरा समय जो हर किसी की स्मृति में कुछ खट्टा-मीठा सा फ्लेवर घोलता रहता है। 'उफ! ये स्टूडेंट लाइफ' पढ़ते हुए हम उसी सुनहरे समय को फिर से जीवंत पाते हैं। इतनी सारी सुंदर स्मृतियों को संजोकर सरल शब्दों में सम्प्रेषित करना आसान काम नहीं है। परंतु हरमिंदर जी ने यह कार्य बख़ूबी अंजाम दिया है। दोस्तों के झगड़े, चिढाना, पक्ष लेना, समस्याओं को समझना आदि सब मिलकर हमारे व्यक्तित्व को बनाते हैं। पुस्तक में वर्णित घटनाएं अपनी-सी लगती हैं। जीवन की आपाधापी में बचपन के गलियारों से निकल खो गए लोगों के लिए यह किताब एक कोलाज़ है जिसमें वो अपना बचपन व किशोरावस्था देखते हुए कुछ क्षण सुकून पा सकते हैं।

सुंदर यादें भी देर-सवेर धुंधली पड़ जाती हैं। उन्हें शब्द देकर सब तक पहुंचाना श्रेयस्कर है। बेहतरीन क़िस्सागोई की शैली कहीं भी ऊबने नहीं देती।

बच्चों के लिए गांव, रिश्तेदार, चचेरे भाई-बहन सब कुछ कितना नया और सिखाने वाला होता है। हर घटना को वे कैसे लेते हैं; कैसी प्रतिक्रिया करते हैं, बालमन के गलियारों में क्या घट रहा होता है, यह सब घटनात्मक रूप में पढ़ सकते हैं। बाल मनोविज्ञान की सहज समझ बढ़ती है। घटनाओं के साथ लेखक कैमरा लिए चल रहे हैं। उन्हें हम हूबहू देख सकते हैं।

उफ! ये स्टूडेंट लाइफ : सुनहरे समय की स्मृतियाँ
स्कूल और स्टूडेंट लाइफ का महत्व आज हम शिद्दत से समझ सकते हैं। यह मुश्किल समय है जब बच्चे दो साल से घरों में क़ैद हैं। दोस्तों का सानिध्य उस तरह से नहीं मिल पा रहा जैसे स्कूल में मिलता था। सब कुछ ऑनलाइन और स्क्रीन तक सिमट कर रह गया है। बच्चे बहुत तनाव का सामना कर रहे हैं। अभिभावकों के लिए भी चुनौती भरा समय है। ऐसे समय में इस पुस्तक की अहमियत मेरे अनुसार बढ़ गई। 

इन संस्मरणात्मक किस्सों की भाषा किशोरों को आकर्षित करने वाली है क्योंकि संवादों में आये सहज प्रवाह वाले अंग्रेजी शब्दों को रहने दिया गया है जिससे कि बातचीत बनावटी न लगे।
 
मैंने इसे अपने किशोरवय पुत्र के साथ पढ़ा व उसे आनन्दित होते देखा। उससे उसकी स्कूल के क़िस्से भी सुने और कुछ अपने भी सुनाए।

-अनिता मंडा.

उफ! ये स्टूडेंट लाइफ 
लेखक : हरमिंदर सिंह
प्रकाशक : प्रभात प्रकाशन
पृष्ठ : 120
किताब लिंक : https://amzn.to/33Y4kua