पुस्तक समीक्षा : 13 काम जो समझदार लोग नहीं करते

13 kaam jo samajhdar log nahi karte
13 बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी है और मानसिक दृढ़ता बढ़ाने वाले अभ्यासों को साझा किया है.
प्रेरणादायक क़िताबों से लोगों की ज़िन्दगी बदल जाती है। क़िताबें हमें प्रेरित करती है कुछ अच्छा करने को, कुछ रोचक और जीवन की राह आसान बनाने को, ताकि आपाधापी और समस्याओं से निजात मिल सके।

मंजुल पब्लिशिंग हाउस ने साल की सबसे प्रेरणादायक पुस्तक प्रकाशित की है। लेखिका ऐमी मॉरिन की यह किताब 13 ऐसे काम बताती है जो समझदार लोग नहीं करते। इन कामों को भूलकर भी नहीं करना चाहिए।

ऐमी मॉरिन की किताब सीख से भरी है। लेखिका के निजि अनुभव भी इस किताब का हिस्सा हैं। उनके पास जबदरस्त तरीके से उदाहरण देकर अपनी बात समझाने की महारथ है। यह किताब कई मायनों में हमें वह सब प्रदान करती है जिसकी हमें जरुरत है। हर अध्याय की अपनी ताकत है और हर अध्याय जीवन को बदलने की बात करता है। किताब में ऐसे तरीके हैं जो किसी के लिए भी मुश्किल नहीं हो सकते। हर कोई उन्हें आसानी से जीवन में उतार सकता है। अपने कहने के तरीके और आसान भाषा की वजह से ऐमी मॉरिन की यह किताब खास बन जाती है।

प्रेरणादायक पुस्तक ‘13 काम जो समझदार लोग नहीं करते’ का प्रकाशन मंजुल पब्लिशिंग हाउस ने किया है। यह '13 Things Mentally Strong People Don't Do' का हिंदी अनुवाद है। अनुवादक डॉ. सुधीर दीक्षित हैं।

समझदार लोग कौन होते हैं? इसका सीधा जवाब हो सकता है -जो लोग समझदारी की बात करते हैं। लेकिन क्या समझदारी का सफलता से नाता है। लेखिका ऐमी मॉरिन ने इस पुस्तक में उन कामों को विस्तार से बताया है जिन्हें समझदार लोग करते हैं। सीधी बात है, वे सफल इसलिए हैं कि वे इन कामों को करते हैं। यानी सफलता और समझदारी जुड़े हुए हैं। समझदारी से सफलता हासिल की जा सकती है।

सबसे पहले लेखिका ने हमें निजि जीवन के कुछ मीठे और बेहद कड़वे किस्सों से रुबरु कराया है। उसके बाद वे हमें मानसिक शक्ति के बारे में विस्तार से बताती हैं। वे कहती हैं -‘मानसिक शक्ति बढ़ाने का मतलब है अपनी भावनाओं पर काबू करने की योग्यता को बेहतर बनाना, अपने विचारों का प्रबंधन करना और सकारात्मक अंदाज़ में व्यवहार करना, चाहें परिस्थितियाँ कैसी भी हों।’ यह बिल्कुल सही बात है। इसमें कोई दो राय नहीं कि खराब और अच्छे माहौल से इंसान नहीं बदला करते। वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर मौसम में तैयार रह सकते हैं। यही तो सफलता का कायदा है।

पुस्तक समीक्षा : 13 काम जो समझदार लोग नहीं करते
लेखिका ने 13 बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की है और मानसिक दृढ़ता बढ़ाने वाले अभ्यासों को साझा किया है। मॉरिन ने अत्यंत ईमानदारी के साथ लिखते हुए एक मनोचिकित्सक के रुप में अपने काम के दौरान हुई घटनाओं को पिरोने के साथ ही निजि कहानियों के द्वारा बताया है कि कैसे उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों का मुकाबला किया।

समझदार लोगों की कुछ अहम बातें देखें -
◼️ वे अपनी शक्ति दूसरों को नहीं देते हैं
◼️ वे परिवर्तन से नहीं कतराते हैं
◼️ वे उन चीज़ों पर ध्यान केन्द्रित नहीं करते हैं, जिन्हें वे नियंत्रित नहीं कर सकते
◼️ वे हर इंसान को खुश करने की चिंता नहीं पालते हैं
◼️ वे अतीत में नहीं रहते हैं
◼️ वे बार-बार वही गलतियाँ नहीं करते हैं
इनके अलावा भी लेखिका ने कई जरुरी बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की है।

पहले अध्याय में ऐमी मॉरिन लिखती हैं कि अपने लिए अफसोस करना आत्म-विनाशकारी होता है। यह उन समस्याओं को उत्पन्न करता है जो हैं नहीं। सबसे बड़ी बात यह कि यह भविष्य के लिए कई अवरोध पैदा कर सकता है। यानी इसके गंभीर परिणाम भी हो सकते हैं।

आप इस समय जो कर रहे हैं, यदि वह कारगर नहीं है, तो किसी नई चीज़ को आजमाएँ। यदि आप सही दिशा में एक भी कदम नहीं उठाते हैं, तो आप वहीं रुके रहेंगे, जहाँ आप हैं।

किताब की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें आपकी मानसिक शक्ति को दृढ़ करने पर अधिक जोर दिया गया है। लेखिका कहती हैं कि अपनी व्यक्तिगत शक्ति की निगरानी करें और यह देखें कि आप इसे किन तरीकों से गँवा रहे हैं। इसमें बहुत मेहनत लगती है, लेकिन अपनी मानसिक शक्ति को बढ़ाने के लिए यह जरुरी है कि आप अपनी शक्ति के हर औंस को कायम रखें।

परिवर्तन के विषय पर लेखिका ने एक अध्याय में बहुत ही बेहतरीन ढंग से चर्चा की है। उन्होंने परिर्वतन के प्रकार, उसकी पाँच अवस्थाओं आदि पर विस्तार से लिखा है। साथ ही बताया है कि हमें बदलाव के सकारात्मक और नकारात्मक बिन्दुओं को किस हर पहचानना चाहिए। इस अध्याय में आप जानेंगे कि परिवर्तन के लिए सफल योजनायें किस तरह बनायी जा सकती हैं। यही वजह है कि समझदार लोग परिवर्तन से नहीं कतराते। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि अच्छे बदलाव आपके साथ-साथ दूसरों की ज़िन्दगी भी बदल सकते हैं। ये बदलाव दूर तक असर करते हैं।

hindi books amy morin

जब आप मानसिक रुप से शक्तिशाली बनते हैं, तो आप अपने सर्वश्रेष्ठ स्वरुप में होंगे, आप में वह करने का साहस होगा जो सही है, और आप जो हैं तथा जो हासिल करने में सक्षम हैं, उसमें सच्चा सुख महसूस करेंगे।

ऐमी मॉरिन ने एक जगह डिज़्नी ब्रदर्स का शानदार उदाहरण दिया है। वॉल्ट डिज़्नी कारोबार की शुरुआत में दिवालिया हो गए थे। लेकिन वे घबराए नहीं और अपने भाई के साथ हॉलीवुड चले गए। वहाँ उन्होंने डिज़्नी ब्रदर्स स्टूडियो खोला। उनके साथ धोखा हुआ। वे हार मानने वालों में से नहीं थे। उनके कार्टूनों को एक बार नहीं, कई बार अस्वीकृत किया गया था। लेकिन उनका मकसद था सफलता हासिल करना और अपने काम में जुटे रहना। उन्हें उसका सच्चा फल मिला। वे विश्व के सबसे बड़े कार्टून निर्माता बने और महान व्यक्तित्व। आज लोग उनसे प्रेरणा ले रहे हैं। मगर उन्होंने अपनी असफलताओं से बहुत कुछ सीखा जिस वजह से वे सफल हुए। लेखिका सही कहती हैं कि अगर आपका पहला प्रयास सफल न हो, तो दोबारा कोशिश करने का संकल्प लीजिए। असफलता के डर का सामना करना सीखिए।

समझदार वही है जो उस काम को न करे जिससे उसे उस समय, या भविष्य में नुकसान होगा। जब सोचने-विचारने के लिए अच्छा-खासा दिमाग है तो बिना-मतलब के काम करके सिवाय वक़्त के और क्या गँवाया जा सकता है।

लेखिका के पास अनुभव है जिसके आधार पर उन्होंने अपनी बात को सरलता से समझाया है। जो उनका तरीका है वह हर कोई आसानी से समझ सकता है। कहीं भी भारीपन या उबाऊपन नज़र नहीं आता। उदाहरण देकर हर अध्याय को स्पष्टता से समझाया गया है।

इतनी रोचक शैली में ज्ञान देना मुश्किल होता है। ऐमी मॉरिन ने मानसिक विकास से लेकर व्यवहार-विचार आदि पर खुलकर चर्चा की है। यह किताब बहुत उपयोगी है। इसे जरूर पढ़ना चाहिए।

यह किताब हमें खुद को समझने का अवसर प्रदान करती है। किताब कहती है कि हम अपने कोच स्वयं बनें।

"13 काम जो समझदार लोग नहीं करते"
लेखिका : ऐमी मॉरिन
अनुवाद : डॉ. सुधीर दीक्षित
प्रकाशक : मंजुल पब्लिशिंग हाउस
पृष्ठ : 276