![]() |
इस किताब के ज़रिये खेल की गहराई के साथ फुटबॉल के महत्वपूर्ण पहलू भी समझ आयेंगे. |
‘For The Love of FOOTBALL’ खेल प्रेमियों के लिए जरूरी किताब है। फुटबॉल से जुड़े हर सवाल का जवाब यहाँ है। यह दिलचस्प आंकड़ों और रोचक किस्सों से भरी है। आप इस खेल की गहराई को समझेंगे, तथा साथ में फुटबॉल के महत्वपूर्ण पहलुओं को भी। इस पुस्तक का प्रकाशन मंजुल पब्लिशिंग हाउस ने किया है।
जॉनी मार्गन ने अपनी किताब में फुटबाल के संक्षिप्त इतिहास को पाठकों तक पहुंचाया है। यह जरुरी जानकारी हर फुटबॉल फैन को मालूम होनी चाहिए। कैसे और कहां इस खेल की शुरुआत हुई? गोल नेट्स कब इस्तेमाल हुए? कब पेनाल्टी किक आरंभ की गयी? पहला विश्व कप किस साल में आयोजित हुआ? पहली बार टेलीविज़न पर फुटबॉल का प्रसारण किया गया? साथ ही पहला लाइव प्रसारण किस समय किया गया? इसके अलावा वह सब बहुत ही सरल तरीके से बताया गया है, जिसे इस खेल के शौकीन या जिन्हें इस खेल की समझ नहीं, भी समझ सकते हैं।
लेखक ने किताब में महिला फुटबॉल के इतिहास और वर्तमान पर भी प्रकाश डाला है। पुरुष और महिला फुटबॉल के विषय में इतनी पड़ताल वाली किताब ही शायद कहीं पढ़ने को मिले। पाठक जान पाएंगे कि ब्रिटेन में महिला फुटबॉल क्लब से लेकर बाद के सालों में हुए बदलावों का क्या असर हुआ। वो कौन-सी महिला फुटबॉल स्टार हैं जिन्हें उनकी महानता के लिए जाना जाता है?
हर खेल की अपनी भाषा होती है। हर खेल का अपना इतिहास होता है। और हर खेल उत्साह और जोश से भर देता है, बशर्ते उसे समझना जरुरी है। यह पुस्तक हर वह जानकारी देती है, जिसे पाठक जानना चाहता है। कुल मिलाकर उसके सभी सवालों के जवाब उसे यहां मिल सकते हैं। हर अध्याय बहुत ही दिलचस्प तरीके से लिखा गया है। फुटबॉल के हर पहलू को बारीकी से लेखक ने समझाया है। वह चाहता है कि पाठकों से कुछ न छूटे, वे कम शब्दों में अधिक जानकारी हासिल कर सकें।
फुटबॉल भी स्कैंडल से अछूता नहीं है। यहां ऐसे कांड हुए हैं जो इतिहास बन गए। मैदान के भीतर या मैदान के बाहर बहुत कुछ ऐसा जो यकीन न करने लायक हो। लेखक लिखता है कि फुटबॉल एक बड़ा कारोबार है। यह अधिक प्रशंसकों और समर्थन के बजाय अधिक ग्राहकों और आय की खोज में तेजी से खो रहा है। यह भ्रष्टाचार का घर बन चुका है। लेकिन फुटबॉल स्कैंडल भी खेल के साथ उतने ही पुराने हैं। यानि इनका चोली-दामन का साथ है। इस खेल का इतिहास आंख चकराने वाले उदाहरणों से भरा पड़ा है।
यह मानव प्रकृति और मानव असंतोष की अनिश्चितता है जो फुटबॉल में इतना रंग जोड़ती है और इसे इतना दिलचस्प बना देती है। यहां विवाद होने की गुंजाइश हर मौके पर रहती है। कभी खिलाड़ी, कभी प्रशंसक आपस में भिड़ जाते हैं। कई बार मैदान में फैसले गलत दे दिए जाते हैं, जिससे नरमा-गरमी बढ़ जाती है। हालांकि तकनीक धीरे-धीरे मैदान पर विवाद के प्रभाव को कम करने में मदद कर रही है।
फुटबॉल के वो दांत भींचने वाले पल भी इस पुस्तक में विस्तार से लिखे गए हैं, जिन्हें पढ़ना आनंदित करता है। खिलाड़ियों के वो आक्रामक रवैये और वो रेड कार्ड के बाद का गुस्सा, भी यहां तफसील से दर्ज किया गया है। यह किताब फुटबॉल के हर पहलू को विस्तार से रखती है। कहना गलत नहीं होगा कि जॉनी मार्गन ने फुटबॉल से जुड़ी हर बात को इन पन्नों में उतार दिया है, जिसे पढ़ना खेल को जीना भी है। दुनिया को जोश से भर देने वाले इस खेल के हर रंग से वाकिफ कराती है यह किताब।
"For The Love of FOOTBALL"
Jhonny Morgan
Manjul Publishing House
Pages : 240
Jhonny Morgan
Manjul Publishing House
Pages : 240